दिल्ली एयरपोर्ट पर 15 जून से 114 फ्लाइट्स 3 महीने तक रहेंगी कैंसिल, इस वजह से बंद रहेगा ऑपरेशन

अगर आपकी दिल्ली एयरपोर्ट से इस महीने फ्लाइट है तो आपके लिए यह जरूरी खबर है। दिल्ली एयरपोर्ट से 15 जून के बाद 114 फ्लाइट्स अगले तीन महीने के लिए कैंसिल रहेंगी। ऐसा एक रनवे के अपग्रेडेशन से जुड़े काम-काज के चलते किया जा रहा है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, दिल्ली हवाई अड्डे के संचालक डायल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी है। रनवे आरडब्ल्यू 10/28 का अपग्रेडेशन कार्य, जिसे भीड़भाड़ के मुद्दों के बाद मई में स्थगित कर दिया गया था, अब 15 जून से 15 सितंबर तक किया जाएगा।

दिल्ली एयरपोर्ट पर कितने रनवे हैं?

खबर के मुताबिक, रनवे कैट III के मुताबिक बनाने के लिए इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) को अपग्रेड किया जाएगा, जो कोहरे के मौसम के दौरान कम दृश्यता की स्थिति में फ्लाइट ऑपरेशन  की अनुमति देगा। इसके चार रनवे हैं – RW 09/27, RW 11R/29L, RW 11L/29R और RW 10/28 – और दो परिचालन टर्मिनल – T1 और T3। टी2 फिलहाल रखरखाव कार्यों के लिए बंद है। आपको बता दें, देश का सबसे बड़ा और व्यस्ततम हवाई अड्डा इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGIA) प्रतिदिन लगभग 1,450 उड़ानों की आवाजाही को संभालता है। 

कितनी कम हो जाएंगी डेली फ्लाइट्स 

दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने शुक्रवार को कहा कि आरडब्ल्यू 10/28 15 जून से तीन महीने के लिए चालू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि हम उस रनवे को अपग्रेड करना चाहते हैं, ताकि हमें आने वाली किसी भी समस्या या परेशानी से निजात मिल सके, खासकर कोहरे के मौसम में। इसलिए आरडब्ल्यू 10/28 के लिए हम दो अपग्रेड करने जा रहे हैं। तीन महीने की अवधि के दौरान डेली फ्लाइट्स में औसत कमी लगभग 7. 5 प्रतिशत होगी और यात्रियों को बदलावों के बारे में पहले से ही सूचित किया जा रहा है।

15 सितंबर से ऑपरेशन फिर से शुरू हो जाएगा

डायल के मुताबिक, 15 जून से 15 सितंबर की अवधि के दौरान कुल 200 फ्लाइट्स पर असर होगा, 114 रद्द होंगी और शेष 86 को पीक ऑवर्स से नॉन-पीक ऑवर्स में रीशेड्यूल किया जाएगा। जयपुरियार ने कहा कि रनवे पर 15 सितंबर से ऑपरेशन फिर से शुरू हो जाएगा, जबकि आईएलएस अपग्रेड का काम 27 नवंबर तक पूरा हो जाएगा, जो कोहरे का मौसम शुरू होने से ठीक पहले है। डायल के सीईओ ने इस बात पर जोर दिया कि फ्लाइट्स के रीशेड्यूल और कैंसिलेशन का कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ने वाला है, खासकर तब जब यात्रियों को पहले से सूचित किया जा रहा है। 

1 thought on “दिल्ली एयरपोर्ट पर 15 जून से 114 फ्लाइट्स 3 महीने तक रहेंगी कैंसिल, इस वजह से बंद रहेगा ऑपरेशन”

Leave a Reply to A WordPress Commenter Cancel reply