अब बात करते हैं कि हर जगह मोबाइल फोन का उपयोग करने की इस आदत को कैसे छोड़ें.
हमने ये सवाल मुंबई के लीलावती अस्पताल के जनरल सर्जन डॉ. नरेंद्र निकम से पूछा.
डॉ. निकम ने कहा, “लंबे समय तक टॉयलेट सीट पर बैठने से हमारी पेल्विक मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं. इससे पेशाब और शौच को नियंत्रित करने में भी समस्या होती है.”
“इसलिए आपको टॉयलेट में पांच से दस मिनट से ज्यादा समय नहीं बिताना चाहिए. शरीर के इस हिस्से पर ज्यादा तनाव न डालें. इस स्थिति से बचने के लिए आपको प्रतिदिन दो से तीन लीटर पानी पीना चाहिए और नियमित व्यायाम करना चाहिए. आपके खाने में फाइबर की मात्रा ज्यादा होनी चाहिए.”
डॉक्टर्स का यह भी कहना है कि यदि आपको पेट खराब होने या पेट दर्द जैसे लक्षण दो दिन से ज्यादा समय तक रहते हैं तो डॉक्टर से संपर्क जरूर करें.
डोंबिवली स्थित एम्स अस्पताल में काम करने वाले जनरल सर्जन डॉ. शाहिद परवेज़ भी कई बातों की ओर ध्यान दिलाते हैं.
उन्होंने कहा, “बवासीर या इससे संबंधित बीमारियों का कारण केवल कम फाइबर वाला खाना ही नहीं है. बल्कि टॉयलेट सीट पर लंबे समय तक बैठना और वहीं फोन का इस्तेमाल करना जैसी आदतें भी इसके लिए जिम्मेदार हैं.”
“इससे गुदा के पास की नसों पर दबाव पड़ता है और व्यक्ति को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है. अगर बवासीर की वजह खून बहने लगे तो यह बहुत कष्टदायक होता है. इसके अलावा मोबाइल फोन पर मौजूद कीटाणु आपके चेहरे और हाथों के संपर्क में आते हैं, तो पेट में संक्रमण होने की संभावना है.”
डॉ. परवेज़ का कहना है कि आपको अपने घर में फोन-मुक्त एरिया बनाना चाहिए. इस एरिया में फोन का उपयोग नहीं किया जाना चाहिए. इसमें सोने और खाने के लिए स्थान शामिल होने चाहिए. टॉयलेट में फोन इस्तेमाल नहीं करने का नियम भी बना सकते हैं.
वो कहते हैं कि आप फोन का उपयोग सीमित कर सकते हैं. यह लगातार बैठे रहने की आदत को छोड़ने में भी मदद कर सकता है. पढ़ाई करते समय ब्रेक लेने के लिए अपनी कुर्सी से उठें और अपने पैरों और हाथों को हिलाएं. इसी तरह, यदि आप स्क्रीन का उपयोग करके काम कर रहे हैं, तो आप अपनी आँखों को आराम देने के लिए कुछ कर सकते हैं.